चोरों ने नगर के मजियाखेत क्षेत्र में दुकान के ताले तोड़कर गल्ले में रखी पांच हजार की नगदी उड़ा ली। चोर अपने साथ सिगरेट के दो डिब्बे भी ले गए। खराब मौसम के दौरान हुई इस घटना की आसपास किसी को भी भनक नहीं लगी।
मजियाखेत में हेम चंद्र कांडपाल की सस्ता गल्ला और परचून की दुकान है।
चोरों ने रविवार की रात में सस्ता गल्ला की दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखी पांच हजार की नगदी और दो डिब्बे सिगरेट के चुरा लिए। रात में तेज गरज के साथ मूसलाधार वर्षा होने से आसपास लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। सोमवार सुबह परचून की दुकान का शटर खोलने के बाद चोरी की घटना का पता चला। दुकान स्वामी हेम चंद्र की सूचना पर बागेश्वर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुकान का निरीक्षण किया। लोगों ने पुलिस से चोरों को जल्द पकड़ने की मांग की है।
अराजक तत्वों ने तोड़ी स्ट्रीट लाइटें
मजियाखेत के ग्रामीण क्षेत्र में होने से रात्रि प्रकाश के लिए उचित व्यवस्था नहीं है। कुछ स्थानों पर जिला पंचायत की ओर से स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थी। कुछ दिन पूर्व अराजक तत्वों ने स्ट्रीट लाइटों को तोड़ दिया था। आए दिन हो रही इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त करने की मांग की है।