बागेश्वर। नगर के एक स्कूल में पढ़ने वाले दसवीं कक्षा के दो छात्र भिड़ गए। मारपीट में एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। छात्रों को मारपीट करते देख छात्रा भी बेहोश हो गई। दसवीं कक्षा के दो छात्रों के बीच मंगलवार को किसी बात को लेकर तकरार हो गई। इसके बाद दोनों में हाथापाई शुरू हो गई। मारपीट में एक छात्र की आंख और सिर में गंभीर चोट लगी। इस बीच छात्रों की लड़ाई देखकर एक छात्रा बेहोश हो गई। छात्रों के बीच मारपीट की सूचना मिलने पर विद्यालय के शिक्षक मौके पर पहुंचे। वह घायल छात्र और बेहोश छात्रा को जिला अस्पताल लाए। जहां कुछ देर बाद छात्रा होश में आ गई जबकि घायल छात्र का चिकित्सकों ने उपचार किया। बागेश्वर कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि अभी किसी भी पक्ष ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है।