बागेश्वर। बोहाला क्षेत्र के एक रोजगार सहायक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रोजगार सहायक का शव गधेरे में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर क्षेत्रीय पटवारी मौके को रवाना हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि बोहाला क्षेत्र के घटगाड़ निवासी कैलाश राम रोजगार सहायक के पद पर तैनात थे। मंगलवार को कुछ लोगों ने सरयू नदी से लगभग दो सौ मीटर दूर कठानी गांव के दमोव गधेरे के पास उनका शव पड़ा देखा। इसकी जानकारी लोगों ने घटगाड़ के ग्रामीणों को दी।
रोजगार सहायक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिलने पर राजस्व टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है। एसडीएम श्याम सिंह राणा ने बताया कि रोजगार सहायक के पद पर तैनात युवक की मौत का मामला संज्ञान में आया है। मामले की जांच की जा रही है।