बागेश्वर। स्थानीय प्रशासन ने जिला अस्पताल के पास किए गए अतिक्रमण को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा है। एसडीएम एसएस राणा ने बताया कि जिला अस्पताल के पास एक व्यक्ति ने अतिक्रमण कर पक्का निर्माण कर दिया था। अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन ने उसे नोटिस भेजा था। इसमें 10 दिन में खुद अतिक्रमण हटाने को कहा गया था। इसके बावजूद संबंधित व्यक्ति द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इस पर कार्रवाई करते हुए बृहस्पतिवार को प्रशासन ने जेसीबी लगाकर निर्माण कार्य को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने बताया कि नगर में अन्य अतिक्रमण स्थलों को भी चिन्हित किया जा रहा है। अतिक्रमण करने वालों को पहले नोटिस जारी किए जाएंगे। नियत समय में यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन ऐसी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई को आम लोगों ने सराहा है जबकि अतिक्रमणकारी सहमे हैं।