कपकोट के खाईबगड़ के पास बिजली की मेन लाइन में मछली मारने के लिए डाली गई कंटिया। संवाद न्यूज एजेंस?
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर/कपकोट। कपकोट क्षेत्र में लोग अवैध रूप से मछलियों का शिकार करने में जुटे हैं। करंट से मछलियों को मारा जा रहा है। कुछ लोग सरयू और अन्य नदियों में बिजली का करंट डाल रहे हैं। इसके लिए खाईबगड़ के पास बिजली की मेन लाइन में कंटिया डाली गई हैं। इससे बिजली के पोल से जंपर उड़ रहे हैं। बिजली आपूर्ति में व्यवधान आ रहा है। नदी किनारे बसे गांवों के आसपास नदियों में मछली मारने का धंधा लंबे समय से किया जाता है। पहले लोग जाल आदि से मछलियों को मारते थे। अब इन दिनों लोग नदी में बिजली का करंट डालकर मछलियां मार रहे हैं। इसे एक साथ मछलियां मर जाती हैं। मछलियों को आसपास के कस्बों में बेचा जाता है। बताया जा रहा है कि रात के समय बिजली की मेन लाइन से बिजली की चोरी की जा रही है। इसके लिए सूखे बांस के डंडे का प्रयोग किया जा रहा है। यूपीसीएल के जेई राजेंद्र शाही ने बताया कि शिकायत मिली है। बिजली की मेन लाइन से कांटा डालकर बिजली चोरी हो रही है। छापेमारी की जाएगी। पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पोलों के पास जंपर फुंकने की भी लगातार शिकायत मिल रही है।