बागेश्वर। पुलिस ने किराएदारों का सत्यापन न कराने वाले मकान मालिकों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को ऐसे ही एक मकान मालिक का पुलिस ने 10 हजार रुपये का चालान किया है। एसपी रचिता जुयाल के निर्देश पर पुलिस ने बाहरी लोगों की पहचान के लिए अभियान चलाया है। पुलिस मकानों में रह रहे लोगों की तहकीकात कर रही है। शहर कोतवाल डीआर वर्मा ने बताया कि चेकिंग के दौरान पता चला कि तहसील रोड तुनेरा निवासी हरीश चौधरी ने अपने मकान में रहने वाले किराएदारों का सत्यापन नहीं कराया है। इसलिए हरीश का धारा 52 (3) /83 उत्तराखंड पुलिस अधिनियम 2005 के तहत कोर्ट चालान किया गया है। पुलिस ने सोमवार को भी किराएदारों का सत्यापन न कराने वाले एक मकान मालिक का 10 हजार रुपये का चालान किया गया था। एसपी ने अन्य भवन स्वामियों से भी कार्रवाई से बचने के लिए समय रहते किराएदारों का सत्यापन करवाने को कहा है।