घिंघारुतोला के सिरोली के पास हुए हादसे में घायल हरीश पांडेय। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। कांडा-बागेश्वर मोटर मार्ग पर सिरौली के पास मंगलवार देर शाम हादसे में महिला की मौत से सब सन्न हैं। कुछ ही देर पहले तो मां-बेटे शादी समारोह में थे। किसी को पता नहीं था कि लौटते समय हादसा हो जाएगा। घायल बेटे को हायर सेंटर रेफर किया गया है। महिला का पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मंगलवार को देर शाम मुस्योली निवासी हरीश पांडेय (28) पुत्र स्व. रमेश चंद्र पांडेय अपनी मां कुंती देवी (60) के साथ ऑल्टो कार से बागेश्वर से गांव की तरफ जा रहे थे। वह पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने बागेश्वर आए थे। लौटते समय शाम करीब साढ़े सात बजे घिंघारुतोला के सिरौली में कार करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। कुंती देवी की मौके पर मौत हो गई। हरीश को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। कुंती देवी के पति पूर्व सैनिकथे। हरीश भी सेना में तैनात हैं। कुंती में अपनी बहू और पोते के साथ रहती थीं।
बेटे को नहीं है मां की मौत की जानकारी
बागेश्वर। सड़क हादसे में घायल हरीश पांडेय को अब तक मां की मौत की जानकारी नहीं दी गई है। रात के समय जब मां और बेटे को अस्पताल लाया गया तो उसे पता नहीं था कि उसकी मां अब दुनिया में नहीं रहीं। प्राथमिक इलाज के दौरान भी वह बार-बार अपनी मां की कुशलक्षेम पूछ रहा था। परिजनों ने मां के ठीक होने की बात कही। हायर सेंटर रेफर किए जाने पर भी उसने मां से मिलने की इच्छा जताई लेकिन उसकी हालत को देखते हुए परिजनों ने मां के निधन की बात उजागर नहीं की।
दामाद ने दी सास की चिता को मुखाग्नि
बागेश्वर। कुंती के एकलौते बेटे हरीश के गंभीर रूप से घायल होने के कारण चिता को उनके दामाद उमेश मिश्रा ने मुखाग्नि दी। बागेश्वर सरयू श्मशान घाट पर अंत्येष्टि की गई।