बागेश्वर। डीएम रंजना राजगुरु ने कोरोना के प्रति अफवाह फैलाने से आगाह किया है। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने मंगलवार को कोरोना नियंत्रण की समीक्षा की। बैठक में सीएमओ डॉ. बीएस रावत ने बताया कि कोरोना से बचाव और सतर्कता के लिए जिला चिकित्सालय में सभी जरूरी तैयारियां की गई हैं। जिला चिकित्सालय में आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। इसमें सभी जरूरी उपकरण और दवाएं उपलब्ध हैं। स्वास्थ्य केंद्र कांडा और कपकोट में दो-दो बेड वाले आइसोलेशन वार्ड बने हैं। सभी डॉक्टरों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। कोरोना से बचाव के लिए समाचार पत्रों और न्यूज चैनलों के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। डीएम ने सीएमओ से कहा कि आम जनता के बीच सटीक जानकारी पहुंचे, इसके लिए यह आवश्यक है कि जिला अस्पताल और महत्वपूर्ण स्थानों पर बड़े-बड़े फ्लैक्स लगाए जाएं। इनमें वायरस से बचाव और रोकथाम की पूरी जानकारी अंकित हो। कहा कि होटल एसोसिएशन के माध्यम से जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग जिले में विदेशों से आने वाले पर्यटकों की पूरी जानकारी लेगा। सभी लोगों से अफवाहों से बचकर सावधानी बरतने की भी अपील की गई।