बागेश्वर जिला अस्पताल में रक्तदान करते पुलिसकर्मी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : AMAR UJALA
संवाद न्यूज एजेंसी
बागेश्वर। इस जिले में पुलिस असल कोरोना वीर की भूमिका में है। पुलिस कानून व्यवस्था का काम संभालने के साथ ही जरूरतमंदों के भोजन की व्यवस्था तो कर ही रही है, अपना खून देकर लोगों की जान भी बचा रही है। रेडक्रास सोसायटी के लोग भी इसमें अहम भूमिका निभा रहे हैं। बुधवार को जिला अस्पताल में भर्ती कपकोट के भयूं निवासी दीवान सिंह पुत्र कुंदन सिंह को बी पॉजिटिव ब्लड चढ़ाया जाना था लेकिन अस्पताल के पास बी प्लस खून नहीं था। दीवान सिंह की किडनी में ट्यूमर है।
ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. योगेश धर्मशक्तू ने जिला रेडक्रास सोसायटी के सचिव आलोक पांडेय से संपर्क किया। रेडक्रास सोसायटी ने पुलिस अधीक्षक रचिता जुयाल के सामने मामला रखा। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसओजी प्रभारी उप निरीक्षक कुंदन सिंह रौतेला को ब्लड बैंक भेजा। उन्होंने और रेडक्रास सोसायटी के सदस्य नवीन टाकुली ने ब्लड दिया। रक्तकोष को एक यूनिट ओ पॉजिटिव खून की रक्तकोष के लिए आवश्यकता थी। यातायात पुलिस के सिपाही गिरीश बजेली ने ओ पाजिटिव खून दिया। पुलिस अधीक्षक और पुलिस कर्मियोें की तत्परता की रेडक्रास सोसायटी के सदस्य जगदीश उपाध्याय ने सराहना की है।