कांस्टेबल अर्जुन सिंह कालाकोटी।
- फोटो : AMAR UJALA
बागेश्वर। लॉकडाउन के चलते जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों तक दवा और अन्य जरूरी सामान नहीं पहुंच पा रहा है। ऐसे में पुलिस कांस्टेबल अर्जुन सिंह कालाकोटी देवदूत बनकर लोगों तक दवा और जरूरी सामान पहुंचा रहे हैं। जिले के दोफाड़ गांव निवासी अर्जुन सिंह ऊधमसिंह नगर जिले में कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। एक मार्च को वह अवकाश पर अपने गांव आए। लॉकडाउन के बाद विभाग से उन्हें अपने नजदीकी चौकी अथवा थाने पर ड्यूटी करने का आदेश मिला। जिसके बाद अर्जुन जिला मुख्यालय में ड्यूटी दे रहे हैं। पुलिस अधीक्षक रचिता जुयाल के निर्देश पर उन्हें दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों तक दवा और जरूरी सामान पहुंचाने की ड्यूटी सौंपी गई अर्जुन इस ड्यूटी को बदस्तूर निभा रहे हैं। अर्जुन रोज करीब 25 किलोमीटर की दूरी तय कर दोफाड़, छातीखेत, नाघर, मणिगांव और झनकोट समेत तमाम गांवों के लोगों तक रोजाना दवा और आवश्यक सामान पहुंचा रहे हैं। अर्जुन का कहना है कि वह रोज 25 से 30 लोगों की सामान की सूची बनाकर लाते हैं। जिसमें आवश्यक सामान के साथ बीमार लोगों की दवाइयां और छोटे बच्चों के लिए दूध शामिल हैं।