बागेश्वर के नगरपालिका परिसर में प्रदर्शन करते ठेकेदार। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। नगरपालिका में निविदाओं की बिक्री किए जाने का ठेकेदारों ने विरोध किया। आक्रोशित ठेकेदारों ने निविदा बिक्री काउंटर के आगे प्रदर्शन कर नारेबाजी की। ठेकेदारों के विरोध के चलते एक भी निविदा प्रपत्र नहीं बिक सका। ठेकेदारों ने कहना है कि जब तक उनका आंदालेन चल रहा है, सभी विभागों और संस्थानों में होने वाली निविदाओं का विरोध किया जाएगा।
पर्वतीय कांट्रेक्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन के नेतृत्व में ठेकेदारों ने नगरपालिका परिसर में प्रदर्शन किया। संगठन के जिलाध्यक्ष हीरा बल्लभ भट्ट ने कहा कि रॉयल्टी की दरों में पांच गुना की बढ़ोत्तरी से ठेकेदार आक्रोशित और आंदोलित हैं। ठेकेदारों ने पूर्व में ही जिले के सभी कार्यदायी संस्थाओं से होने वाली निविदाओं का विरोध करने का एलान किया है। बावजूद इसके नगरपालिका टेंडर करवा रही है।
उन्होंने कहा कि जब तक रॉयल्टी में बढ़ोतरी का आदेश निरस्त नहीं होगा, ठेकेदारों का विरोध जारी रहेगा। सरकार ने मांग पूरी नहीं की तो विभागों में तालाबंदी की जाएगी और आपदा सहित तमाम निर्माण कार्यों को बंद कर दिया जाएगा। वहां पर संजय सिंह नेगी, भुवन चंद्र लोहनी, आरडी जोशी, गिरीश पाठक, नवीन परिहार, चंदन सिंह, भूपेश दानू आदि मौजूद रहे।