बागेश्वर में रेस्टोरेंट की जगह सब्जी की दुकान चला रहे मथुरा दत्त जोशी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : AMAR UJALA
बागेश्वर। कोरोना संक्रमण के दौर में लोगों का रोजगार प्रभावित हुआ है। व्यवसायियों की कमर टूटी है। व्यापारी अपना व्यवसाय बदलने पर मजबूर हो गए हैं। एक दशक से अधिक समय से बागेश्वर में रेस्टोरेंट चलाने वाले मथुरा दत्त जोशी सब्जी बेचने लगे हैं।
मथुरा दत्त जोशी अकेले नहीं हैं, जिन्होंने अपना व्यवसाय बदला है। इससे पहले जिला मुख्यालय के तहसील रोड में रेस्टोरेंट चलाने वाले हरीश रौतेला, दुग बाजार में रेस्टोरेंट चलाने वाले हरीश पांडेय सब्जी की दुकान खोल चुके हैं। जिला मुख्यालय के बिलौना निवासी मथुरा दत्त जोशी बागेश्वर के गोमती पुल के पास वर्ष 2008 से रेस्टोरेंट चलाते थे। इस काम में उनके बेटे भी हाथ बंटाते थे। लॉकडाउन के कारण रेस्टोरेंट बंद हो गया।
मथुरादत्त जोशी बताते हैं कि रेस्टोरेंट बंद होने से आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई थी। दो महीने में सारी जमा पूंजी समाप्त हो गई। उन्हें मजबूरी में व्यवसाय बदलना पड़ा। पिछले हफ्ते रेस्टोरेंट का फर्नीचर हटाकर सब्जी की दुकान खोल ली। कहते हैं कि अब सब्जी का ही व्यवसाय करेंगे। ऐसी कहानी मथुरा दत्त, हरीश रौतेला, प्रकाश पांडे की ही नहीं है। ऐसे कई लोग हैं, लाकडाउन ने जिनकी आजीविका पर चोट की है।