- बीते दिनों तेंदुए ने महिला को किया था घायल, हरकत में आया वन विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
रानीखेत (अल्मोड़ा)। ताड़ीखेत के सिंगोली गांव में बीते दिनों तेंदुए ने 65 वर्षीय महिला को घायल करने के बाद हरकत में आए वन विभाग ने क्षेत्र में ट्रैप कैमरा लगाए हैं, जिनसे उसकी सक्रियता का पता चल सकेगा।
ताड़ीखेत के सिंगोली गांव में बीते मंगलवार को खेत में काम कर रही 65 वर्षीय महिला कमला देवी को तेंदुए ने हमला कर घायल कर दिया। इससे पूर्व भी तेंदुआ गांव के ही एक पूर्व सैनिक पर हमला कर चुका है। महिला पर हुए हमले के बाद वन विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को गांव पहुंचकर आसपास के क्षेत्र में ट्रैप कैमरा स्थापित किए।
वन क्षेत्राधिकारी तापस मिश्रा ने कहा कि तेंदुए को कैमरे की मदद से ट्रैप किया जाएगा। इसके बाद उसे पकड़ने की प्रक्रिया शुरू होगी। कहा कि टीम क्षेत्र में गश्त कर रही है। उन्होंने रात में ग्रामीणों से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। संवाद
फोटो - 29 एएलएम 26 पी -सिंगोली गांव में तेंदुए की गतिविधि पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरा लगाती वन विभाग की टीम। संवाद