अल्मोड़ा। जिला विकास प्राधिकरण (डीडीए) को समाप्त करने के लिए सर्वदलीय संघर्ष समिति ने चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क में धरना दिया। समिति से जुड़े लोगों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया।
धरना स्थल पर हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार ने नवंबर 2017 में अव्यवहारिक तरीके से पूरे पर्वतीय क्षेत्र में प्राधिकरण लागू कर दिया था। समिति डीडीए को समाप्त करने की मांग पर लंबे समय से आंदोलन कर रही है लेकिन सरकार जनहित के मुद्दे पर ध्यान नहीं दे रही है। चेतावनी दी कि प्राधिकरण समाप्त होने तक आंदोलन जारी रहेगा। संयोजक प्रकाश चंद्र जोशी, महेश चंद्र आर्या, प्रताप सिंह सत्याल, लक्ष्मण सिंह ऐठानी, शहाबुद्दीन, ललित मोहन पंत, आनंद सतवाल आदि धरने पर बैठे। संवाद
उपनल कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
बागेश्वर। स्वास्थ्य विभाग में समायोजन की मांग के लिए उपनल कर्मचारियों का आंदोलन जारी है। कर्मचारियों ने सरकार और विभाग पर उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। जल्द मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
बीते 15 मार्च को स्वास्थ्य विभाग में कोविड काल में तैनात किए गए उपनल कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर दी गई थी। जिले के 61 कर्मचारी बेरोजगार हो गए। उपनल कर्मियों का कहना है कि आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। जब तक सरकार उन्हें विभाग में दोबारा नियुक्ति देकर समायोजित नहीं करेगी, तब तक आंदोलन चलता रहेगा। इस मौके पर बलवंत सिंह, संजय कनौजिया, केवल राम, सीता देवी, आनंद प्रसाद, रेखा, देवेंद्र बघरी आदि मौजूद रहे। संवाद