घल्ट में जंगलों में आग लगने से इस तरह पूरे क्षेत्र में फैला है धुंआ। संवाद
अल्मोड़ा। पहले से ही पेयजल संकट से जूझ रहे नगर के लोगों को यूपीसीएल ने भी झटका दिया है। पेड़ों की लॉपिंग के चलते नगर की प्यास बुझाने वाली कोसी और मटेला पंपिंग योजनाओं की बिजली गुल रही जिससे पानी लिफ्ट नहीं हो सका। इससे नगर सहित आसपास के गांवों की 60 हजार से अधिक की आबादी परेशान है। दरअसल, शनिवार को यूपीसीएल ने नगर सहित कोसी, चितई के आसपास बिजली लाइन को छू रहे पेड़ों की टहनियों की लॉपिंग के लिए शटडाउन कर दिया। ऐसे में नगर की प्यास बुझाने वाली कोसी और मटेला पंपिंग योजना की बिजली आपूर्ति ठप हो गई और पानी लिफ्ट नहीं हो सका जिसके चलते लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। हालांकि शाम तीन बजे के करीब बिजली आपूर्ति बहाल होने से दोनों योजनाओं से जलाशयों को पानी लिफ्ट होना शुरू हुआ लेकिन जलाशयों से पानी की सप्लाई सुचारू न होने से लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंचा और वे परेशान रहे। संवाद
बिजली कटौती से कारोबारियों को हुआ नुकशान अल्मोड़ा। शनिवार को सुबह से ही बिजली आपूर्ति ठप रही, जिससे लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। दोपहर बाद बिजली आपूर्ति बहाल होने से लोगों ने राहत की सांस ली। इस दौरान कारोबार भी प्रभावित रहा। बिजली संचालित कारोबार ठप रहा, जिससे कारोबारियों को नुकसान झेलना पड़ा।
सल्ट में पांच दिन से पेयजल आपूर्ति ठप, लोग परेशान
मौलेखाल। सल्ट क्षेत्र के लोगों की प्यास बुझाने वाली शशिखाल-कोटेश्वर पंपिंग योजना की बिजली गुल होने से बीते पांच दिन से पेयजल आपूर्ति ठप है। यूपीसीएल और जल निगम की इस लापरवाही के चलते लोगों में खासा आक्रोश है। वहीं जल निगम और यूपीसीएल के अधिकारियों से मामले में बात करने की कोशिश की लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
लॉपिंग के चलते कोसी की बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिसे सुचारू कर दिया गया। -कन्हैया जी मिश्रा, ईई, यूपीसीएल, अल्मोड़ा।
बिजली न होने के चलते दोनों योजनाओं से पानी लिफ्ट नहीं हो सका। दोपहर बाद जलाशयों में पानी की आपूर्ति सुचारू हो गई। रविवार से स्थिति सामान्य हो जाएगी। - अरुण कुमार सोनी, ईई, जल संस्थान, अल्मोड़ा।