बागेश्वर। तीन महीने से रुके वेतन और ईपीएफ का भुगतान नहीं होने से नाराज जल संस्थान कर्मचारियों ने फिर आंदोलन शुरू कर दिया है। कर्मचारियों ने विभाग और ठेकेदार पर वादाखिलाफी करने का आरोप लगाया। तीन दिन के भीतर भुगतान नहीं होने पर पूूर्ण कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी।
जल संस्थान में कार्यरत कर्मचारियों ने बीते 23 मई को कार्यालय परिसर में धरना शुरू किया था। तब एक सप्ताह का आश्वासन मिलने के बाद कर्मचारी मान गए। एक सप्ताह पूरा होने के बाद भी मांग पूरी नहीं हुई तो कर्मचारियों ने आंदोलन की चेेतावनी दी। इस पर पांच जून तक भुगतान का आश्वासन मिला।
मांग पूरी नहीं होने पर मंगलवार को नवीन चंद्र पांडेय की अध्यक्षता में कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।। अध्यक्ष बिष्ट ने कहा कि जिले के सभी 119 कर्मचारी आंदोलन में हैं, हालांकि इस दौरान उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जा रही है। उन्होंने बताया कि खरही पट्टी के कई संविदा कर्मचारियों को तीन महीने से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। कर्मचारियों ने जल्द वेतन और ईपीएफ प्रकरण का निदान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। इस मौके पर आनंद सिंह मेर, हरीश तेवाड़ी, खीमानंद पांडेय, पूरन सिंह, दिनेश चंद्र, अशोक कुमार, बिशन लाल, राजेंद्र प्रसाद आदि मौजूद रहे।