कांडा/बागेश्वर। पंगचौड़ा ग्राम पंचायत के भनकोट में एक महीने से पेयजल आपूर्ति ठप है। लोगों को प्राकृतिक स्रोत से पानी ढोना पड़ रहा है। पेयजल संकट का समाधान नहीं होने से नाराज महिलाओं ने तहसील कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर जल्द समस्य का समाधान करने की मांग की।
भनकोट गांव में करीब 50 परिवार निवास करते हैं। गांव के लिए बनी पेयजल योजना से बीते 30 दिनों से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। बुधवार को गांव की महिलाएं पेयजल समस्या को दूर करने की मांग के लिए तहसील कार्यालय धमक गईं। महिलाओं ने कहा कि पीने का पानी नहीं मिलने से उन्हें अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। गांव से कुछ दूरी पर बने पेयजल स्रोत से पानी लाना पड़ रहा है। स्रोत के ठीक ऊपर खड़िया की खान है जिसके कारण स्रोत का पानी भी गंदा हो रहा है। इस पानी के उपयोग से बीमार होने का खतरा बना हुुआ है। ग्रामीणों ने तहसीलदार से जल्द समस्या का समाधान करवाने की मांग की। इस मौके पर ग्राम प्रधान मुन्नी देेवी, विमला माजिला, कुंती माजिला, निशा देवी, बसंती देवी, बसंती देवी, पूनम माजिला, सरस्वती देवी, ममता देवी आदि थीं।