अल्मोड़ा। पहले से ही पानी की कमी का सामना कर रहेे नगर के लोगों की बारिश में परेशानी और बढ़ गई है। भारी बारिश के बाद नगर की प्यास बुझाने वाली कोसी नदी में गाद जमा हो गई। इससे सभी पंप ने जवाब दे दिया और पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। ऐसे में नगर और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति ठप रहने से एक लाख से अधिक की आबादी को पीने का पानी भी नहीं मिल पाया। उन्हें नौले-धारों की दौड़ लगाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
बीते शनिवार को कोसी, मटेना सहित आसपास के क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के बाद कोसी नदी को जलापूर्ति करने वाले गाड़-गधेरे उफना गए और वे अपने साथ भारी मात्रा में मलबा बहा लाए। कोसी नदी में भारी मात्रा में गाद जमा हो गई और इसी नदी में नगर की प्यास बुझाने के लिए संचालित पंपिंग योजना ने रात करीब एक बजे से काम करना बंद कर दिया। मलबे के चलते योजना के चारों पंप बंद हो गए और नगर में बने पातालदेवी, एडम्स, एनटीडी और सर्किट हाउस जलाशयों में जलापूर्ति नहीं हुई और नगर के लोगों को पीने का पानी तक नहीं मिला। नल सूखे रहे और नगर सहित आसपास के क्षेत्र की एक लाख से अधिक की आबादी पानी के लिए तरस गई। मजबूर होकर लोगों को प्राकृतिक जल स्रोतों की दौड़ लगानी पड़ी, तब उनकी प्यास बुझी।
सोमवार को मिलेगा पानी
अल्मोड़ा। कोसी नदी में जमा गाद को हटाने में जल संस्थान के कर्मचारी पूरी रात जुटे रहे। भारी बारिश के बीच पंप और उसके आसपास जमी गाद को हटाते रहे। किसी तरह दूसरे दिन सोमवार को सुबह 10 बजे के करीब गाद हटाकर पंप संचालित किए गए। तब जाकर जलाशयों में पेयजल आपूर्ति सुचारु हुई। जल संस्थान के मुताबिक रविवार को जलाशय भरे जाएंगे। इसके चलते लोगों को पानी के लिए इंतजार करना पड़ेगा। सोमवार सुबह से व्यवस्था पटरी पर आने की उम्मीद है।
16 एमएलडी के सापेक्ष मिल रहा है 10 से 12 एमएलडी पानी
अल्मोड़ा। नगर के लोगों की प्यास बुझाने के लिए 16 एमएमडी पानी की जरूरत है लेकिन कोसी, मटेना सहित अन्य सभी योजनाओं से नगर में 10 से 12 एमएलडी पानी ही पहुंच रहा है। इसी बीच बारिश ने लोगों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है। भारी बारिश से योजनाओं में मलबा घुसने से पेयजल संकट गहराने लगा है। ऐसे में जल संस्थान भी परेशान है।
सरयू-दन्या लिफ्ट योजना तीन सप्ताह से बंद
अल्मोड़ा। दन्या क्षेत्र के 35 से अधिक गांवों की प्यास बुझाने वाली सरयू-दन्या पंपिंग योजना तीन सप्ताह से बंद है। वैल से पानी की लिफ्टिंग बंद है जिससे आठ हजार से अधिक की आबादी को पानी नहीं मिल रहा है। लंबे समय बाद भी पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं होने से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। जल निगम के जेई दीपक जोशी ने कहा कि वैल में गाद भरने से दिक्कत आ रही है जिसे ठीक कर जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
भारी बारिश से कोसी नदी में गाद जमा हो गई जिससे पानी लिफ्ट नहीं हो सका। गाद हटाकर पंप संचालित किए गए हैं। सोमवार से व्यवस्था पटरी पर आएगी।
अर्जुन नेगी, जेई, जल संस्थान, कोसी पंप हाउस, अल्मोड़ा।