बागेश्वर। ताकुला मार्ग पर बन रहे व्यावसायिक भवन के लिए सरकारी जमीन से रास्ता बनाए जाने पर व्यापार मंडल ने नाराजगी जताई है। व्यापारियों ने रास्ता बनाने के लिए लोनिवि और सिंचाई विभाग की जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया। डीएम को ज्ञापन देकर मामले की जांच की मांग की।
व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष कवि जोशी के नेतृत्व में व्यापारियों ने डीएम को ज्ञापन देकर बताया कि ताकुला मार्ग पर बने व्यावसायिक भवन तक जाने के लिए लोनिवि की वर्षों पुरानी दीवार तोड़ी गई है। लोनिवि की जमीन और सिंचाई विभाग की निष्प्रोज्य पड़ी नहर की भूमि से रास्ता बनाया जा रहा है। सरकारी जमीन पर कब्जा हो रहा है लेकिन संबंधित विभाग चुप्पी साधे हुए है।
व्यापारियों ने डीएम से त्वरित कार्रवाई कर सरकारी जमीन से बन रहे रास्ते को बंद करवाने और तोड़ी गई दीवार की मरम्मत कराने की मांग की। इस मौके पर उपाध्यक्ष हेम जोशी, इंदु चौधरी, सचिव पुष्कर किरमोलिया, सह सचिव राहुल साह, कोषाध्यक्ष जगदीश कार्की, नीरज रावत, सूरज जोशी आदि मौजूद रहे। संवाद