बागेश्वर। जिले में एक बार फिर बारिश हुई। बारिश के दौरान मलबा आने से सड़कों के बंद होने का सिलसिला जारी है। जिले में रविवार को आठ सड़कों पर यातायात बाधित रहा। सड़क बंद होने से करीब दस हजार की आबादी प्रभावित है। बागेश्वर में 10 एमएम, गरुड़ में नौ एमएम, कपकोट में 2.5 एमएम बारिश हुई।
आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बीते चार जुलाई से बंद काफलीकमेड़ा सड़क पर रविवार को भी यातायात बहाल नहीं हुआ। सातचौंरा-जल्थाकोट, भानी-हरसिंग्याबगड़, खड़लेख-भनार, कठपुड़ियाछीना-सेराघाट-नायलमाफी, कमेड़ीदेवी-भैंसूड़ी, बागेश्वर-कपकोट-तेजम और बड़ेत सड़क पर यातायात बाधित है।
सड़क बंद होने से लोगों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को वाहन बदल-बदल कर आवागमन करना पड़ रहा है। कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है। बीते चार जुलाई से बंद काफलीकमेड़ा सड़क के इस बरसात में खुलने के आसार नहीं हैं। सड़क के गलत अलाइनमेंट के कारण सड़क विवादों में रही है। जुलाई में सड़क के निरीक्षण के बाद डीएम अनुराधा पाल ने सड़क का अलाइनमेंट बदलने के निर्देश विभाग को दिए हैं। काफलीकमेड़ा सड़क पर हो रहे भूस्खलन से ग्रामीणों के आवासीय भवनों में पूर्व में मलबा जाता रहा है। एक प्रकार से गांव के लोगों को सड़क बनने के बाद भी सड़क का लाभ नहीं मिला।