बागेश्वर। जिला अस्पताल की अल्ट्रासाउंड सेवा फिर चरमरा गई है। एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर जाने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूरदराज से आने वाले मरीजों को अधिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
जिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट के तीन पद स्वीकृत हैं जिसके सापेक्ष मात्र एक रेडियोलॉजिस्ट तैनात हैं। रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर जाने से अक्सर अल्ट्रासाउंड कक्ष में ताला लटक जाता है। जिला अस्पताल में रोजाना औसतन करीब 35 लोग अल्ट्रासाउंड कराने आते हैं जिनमें बागेश्वर तहसील क्षेत्र के अलावा कांडा, दुग नाकुरी, काफलीगैर क्षेत्र के लोग भी शामिल हैं। बीते बृहस्पतिवार से जिला अस्पताल की अल्ट्रासाउंड सेवा ठप होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
कांडा तहसील के भंतोला (कमेड़ीदेवी) निवासी ख्याली चंद्र जोशी ने बताया कि वह बृहस्पतिवार को र 35 किमी गाड़ी का सफर तय कर अपनी बहन का अल्ट्रासाउंड कराने पहुंच रहे थे लेकिन अल्ट्रासाउंड कक्ष में ताला लटका मिला। शुक्रवार को फिर जिला अस्पताल आए तो वही हाल था। निजी अल्ट्रासाउंड में भी नंबर नहीं आ रहा था। 23 किमी की दूरी फिर तय कर बैजनाथ अस्पताल जाकर अल्ट्रासाउंड कराना पड़ा।
रेडियोलॉजिस्ट रविवार तक अवकाश पर हैं। भीमताल से एक रेडियोलॉजिस्ट का तबादला हुआ था लेकिन उन्होंने अब तक कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। जिला अस्पताल में सोमवार से अल्ट्रासाउंड सेवा सुचारू हो जाएगी।
डॉ. वीके टम्टा, सीएमएस जिला अस्पताल बागेश्वर