बागेश्वर। वन रैंक वन पेंशन की विसंगतियों को दूर करने की मांग तेज हो गई है। उत्तराखंड पूर्व सैनिक संगठन के सदस्यों ने विसंगति के विरोध में तहसील परिसर में प्रदर्शन कर दिल्ली में चल रहे हल्ला बोल कार्यक्रम को समर्थन दिया। पूर्व सैनिकों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर समस्या का जल्द समाधान करवाने की मांग की।
पूर्व सैनिकों ने कहा कि ओआरओपी में अधिकारी वर्ग को छोड़कर जूनियर कमीशंड के अधिकारियों, नॉन कमीशंड अधिकारियों, जवानों और वीर नारियों की पेंशन में आशा के अनुरूप बढ़ोतरी नहीं हुई। जूनियर कमीशंड अधिकारियों और नॉन कमीशंड अधिकारियों की पेंशन बढ़ाने की बजाय घटाई जा रही है। इनकी पेंशन वर्ष 2014 से 2019 में लगातार कम की गई है। कहा कि पेंशन में हो रहे भेदभाव से नीचे रैंक के पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के साथ अन्याय हो रहा है जो निंदनीय है। सैनिकों ने कहा कि लगातार इस विसंगति के लिए शासन-प्रशासन को ज्ञापन दिया जा रहा है। जल्द पेंशन की विसंगतियों को दूर नहीं किया गया तो पूर्व सैनिकों को आंदोलन करना पड़ेगा। इस मौके पर अध्यक्ष कुंदन सिंह, उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, विशन सिंह ठठोला, केवलानंद चौबे, पूरन चंद्र जोशी, आनंद बल्लभ तिवारी, भूपेश सिंह दफौटी, हरीश सिंह दानू आदि मौजूद रहे।