बागेश्वर कलक्ट्रेट सभागार में जनता दरबार में समस्या सुनतीं डीएम अनुराधा पाल। संवाद
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। डीएम अनुराधा पाल ने लीती.गोगिना सड़क की मरम्मत करने के आदेश पीएमजीएसवाई डिवीजन को दिए हैं। सोराग में सड़क निर्माण से रास्ते, पेयजल योजना ध्वस्त होने के मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। डीएम जनता दरबार में लोगों की समस्या सुन रही थीं। जनता दरबार में 32 मामले उठाए गए। आठ समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया।
जनता दरबार में उडलगांव सड़क की सर्वे जनता को विश्वास में लिए बगैर करने का मामला उठा। डीएम ने दोबारा सर्वे कराने के निर्देश दिए। कांडाधार निवासी चंद्र प्रकाश ने नाप जमीन पर जल संस्थान के चैंबर से पानी रिसाव होने के कारण हो रहे भू-कटाव की शिकायत की। इस पर डीएम ने जलसंस्थान के ईई सीएस देवड़ी को भूकटाव रोकने के निर्देश दिेए। विनोद जोशी ने लघु सिंचाई की योजना में काम करने का तीन वर्ष बाद भी मानदेय न देने का मामला उठाया। डीएम ने एक सप्ताह में मानदेय देने के निर्देश दिए।
जनता दरबार में प्राथमिक विद्यालय फल्याटी, फल्याटी धार, दोगडा में पानी नहीं मिलने की शिकायत पर डीएम ने जल संस्थान को पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। शिविर में कई लोगों ने आवास दिलाने की मांग की। डीएम ने परीक्षण कर आवास के आवंटन की कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
चार महीने में उठे 265 मामलों में से 192 का समाधान
बागेश्वर। डीएम अनुराधा पाल ने बीते वर्ष अक्तूबर में बागेश्वर में कार्यभार ग्रहण किया था। उन्होंने कार्यभार ग्रहण करने के बाद जनता दरबार लगाने का निर्णय लिया था। सात नवंबर को पहला जनता दरबार लगाया। उत्तरायणी मेले की अवधि छोड़कर हर सोमवार को जनता दरबार का आयोजन हो रहा है। डीएम कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार अब तक जनता दरबार में 265 समस्याएं उठ चुकी हैं। इनमें से 192 का समाधान हो चुका है। डीएम का कहना है कि शेष 73 समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया ॅचल रही है। एक ही समस्या हर बार जनता दरबार में न उठे। इसकी विशेष निगरानी की जा रही है। संवाद