बागेश्वर के लोनिवि प्रांतीय खंड परिसर में धरना देते ठेकेदार। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। पर्वतीय कांट्रैक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले एकजुट ठेकेदारों ने देयकों से पांच गुना रॉयल्टी काटने के विरोध में लोनिवि के प्रांतीय कार्यालय परिसर में धरना दिया। ठेकेदारों ने बुधवार से प्रांतीय खंड में तालाबंदी कर निर्माण कार्य बंद करने की चेतावनी दी है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष हीराबल्लभ भट्ट के नेतृत्व में एकत्र ठेकेदारों ने पांच गुना रॉयल्टी काटने के विरोध में नारेबाजी की। यूनियन के जिला महासचिव संजय नेगी ने कहा कि जिला खनन न्यास फाउंडेशन में ठेकेदारों के बिलों से 25 प्रतिशत राशि काट दी जा रही है। पहले से काटी जाने वाली रॉयल्टी में पांच गुना वृद्धि कर दी गई है। उन्होंने कहा कि एसई कार्यालय अल्मोड़ा से ठेकेदारों के कार्य समय पर नहीं हो रहे हैं।
संगठन के जिला महासचिव ने कहा कि सरकार को पर्वतीय क्षेत्र के ठेकेदारों को रॉयल्टी में 50 प्रतिशत छूट देनी चाहिए। इसका शासनादेश तत्काल जारी होना चाहिए। ठेकेदारों ने एसई का कार्यालय पूर्व की भांति फिर से बागेश्वर में खोलने की मांग की। कहा कि मांग पूरी नहीं की गई तो ठेकेदार आपदा राहत के कार्य भी नहीं करेंगे। प्रदर्शन में नवीन परिहार, भुवन चंद्र लोहनी, दिनेश मेहता, हरीश चौबे, नब्बू परिहार, आरडी जोशी, आनंद सिंह परिहार, लाल सिंह दिवान, दिनेश सिंह बिष्ट आदि थे।