बागेश्वर के पेठी प्राथमिक स्कूल भवन की दुर्दशा को लेकर प्रदर्शन करते अभिभावक। संवाद न्यूज एजेंस
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। 38 विद्यार्थियों की शिक्षा-दीक्षा का जिम्मा संभालने वाले राजकीय प्राथमिक विद्यालय पेठी के भवन की जर्जर हालत को देखकर आक्रोशित अभिभावकों ने विद्यालय परिसर में प्रदर्शन कर विद्यालय का नया भवन बनाने की मांग की।
ग्राम प्रधान तारा सिंह देवली के नेतृत्व में विद्यालय परिसर में एकत्र अभिभावकों ने भवन की दुर्दशा को लेकर शिक्षा विभाग और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। ग्राम प्रधान देवली ने कहा कि विद्यालय का भवन पिछले दो साल से जर्जर अवस्था में है। भवन का लिंटर क्षतिग्रस्त हो चुका है। सरिया बाहर निकल आई हैं। थोड़ी सी बारिश में कक्षा कक्षों में बरसात का पानी भर जाता है। बरामदा पानी से लबालब हो जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार और शिक्षा विभाग नया विद्यालय भवन नहीं बनाता है तो ग्राम पंचायत के लोग आंदोलन छेड़ देंगे।
उप प्रधान खष्टी देवी ने कहा कि जर्जर भवन से हादसे का खतरा पैदा हो गया है। लगातार मांग उठाने के बाद भी शिक्षा विभाग के अधिकारी हरकत में नहीं आ रहे हैं। कहा कि एक महीने का समय शिक्षा विभाग को दिया जा रहा है। इस अवधि में विद्यालय भवन के लिए धन मंजूर नहीं किया गया तो ग्राम पंचायत के लोग संघर्ष की राह अपनाएंगे। प्रदर्शन में महिला समूह की अध्यक्ष खष्टी देवी, पूनम देवी, ममता देवी, शोभा देवली, तारा देवी, बसंती देवी आदि शामिल थे।