जीएसटी संग्रह के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न रोकने की मांग के लिए सीएम को ज्ञापन भेजते व्यापा?
- फोटो : RANIKHET
बागेश्वर। जिले के व्यापारियों ने जीएसटी विभाग पर सर्वे के नाम पर परेशान करने का आरोप लगाया है। नाराज व्यापारियों ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर जीएसटी विभाग की सर्वे को तत्काल बंद कराने की मांग की। व्यापारियों का उत्पीड़न बंद नहीं किए जाने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा कि व्यापारी हर तरफ से सरकार के साथ रहा है लेकिन जीएसटी संग्रहण बढ़ाने के पर उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। कहा कि खाद्य पदार्थों को जीएसटी के दायरे में लेने से पहले ही कारोबार प्रभावित हो रहा है। इससे पूर्व कोरोना की मार से हुए नुकसान से अब तक व्यापारी पूरी तरह से उबर नहीं पाए हैं। व्यापारियों ने कहा कि विभाग के पास टैक्स संबंधी पूरा रिकॉर्ड रहता है। जो फर्म टैक्स में हेरा-फेरी कर रहा है, उसे विभाग की ओर से नोटिस दिया जाना चाहिए। बाजारों में जिस तरह से व्यापारियों को प्रताड़ित किया जा रहा है, उसका विरोध किया जाएगा। व्यापारियों नें जल्द से जल्द उनकी समस्याओं का निदान करने की मांग की। इस मौके पर व्यापार मंडल के जिला महामंत्री अनिल कार्की, नगर अध्यक्ष हरीश सोनी, सचिव देवेंद्र अधिकारी, मनीष पांडेय आदि मौजूद रहे।
जीएसटी संग्रह बढ़ाने के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न बंद करने की मांग
रानीखेत (अल्मोड़ा)। जीएसटी संग्रह बढ़ाने के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न बंद करने की मांग के लिए प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की जिला इकाई ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में कहा कि व्यापारी वर्ग हमेशा से समाज के साथ खड़ा रहा है लेकिन जीएसटी संग्रह के नाम पर सरकार व्यापारियों को ही परेशान कर रही है।
जिलाध्यक्ष मोहन नेगी के नेतृत्व में जिला, नगर और चिलियानौला इकाई के पदाधिकारी यहां संयुक्त मजिस्ट्रेट से मिले। उन्होंने जीएसटी संग्रह से संबंधित समस्याओं से अवगत कराया। उनके माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजकर कहा कि सरकार जबरन व्यापारियों के उत्पीड़न पर उतर आई है जिसे व्यापारी संगठन बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि कर चोरी करने वाली फर्मों को चिह्नित किया जाना चाहिए। कहा कि कर चोरी करने वाली फर्मों को नोटिस जारी किए जाने चाहिए। सरकार इस प्रक्रिया को बंद करे नहीं तो व्यापारी जनसंगठनों के साथ सड़कों पर उतरकर वृहद आंदोलन करेंगे। वहां नगर अध्यक्ष मनीष चौधरी, चिलियानौला नगर अध्यक्ष कमलेश बोरा, जिला मीडिया प्रभारी कामरान कुरैशी, रोहित नेगी आदि शामिल रहे।