बागेश्वर। नारायणदेव वार्ड के सैंज में राशन उपभोक्ताओं को एक महीने का राशन नहीं मिला है। नाराज उपभोक्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर एक महीने के रुके हुए राशन का भुगतान कराने की मांग की।
डीएम को दिए गए ज्ञापन में बताया कि सरकारी सस्ता गल्ला से उन्हें हर दो महीने में राशन मिलता है लेकिन इस बार केवल एक ही महीने का राशन दिया गया है। गल्ला विक्रेता से पूछने पर उसने केवल एक महीने का राशन मिलने की बात कही है, जबकि उजून और जुलाई का राशन दिया जाना था। एक महीने का राशन नहीं मिलने पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने डीएम से गल्ला विक्रेता को पूर्ति विभाग से रुका हुआ राशन उपलब्ध कराने की मांग की। वहां सभासद बबीता पांडेय, राजेश पांडेय, दीपक सिंह, भावना पांडे, नीता पांडेय दान सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद
रानीखेत के सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने किया सामूहिक इस्तीफे का एलान
रानीखेत (अल्मोड़ा)। निश्चित मानदेय, नेट चार्ज और अवशेष बिलों का भुगतान नहीं होने से सस्ता गल्ला विक्रेताओं में रोष है। रानीखेत, जालली और सौनी गोदाम से जुड़े विक्रेताओं ने अब दो अगस्त को सामूहिक इस्तीफा देने का एलान किया है। उनका कहना है कि लंबे समय से उन लोगों की मांगें लंबित हैं लेकिन प्रदेश सरकार की कानों में जूं तक नहीं रेंग रही है। मंगलवार को जिला मुख्यालय में बैठक होगी।
ताड़ीखेत स्थित ग्वेल देवता मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सरकार सस्ता गल्ला विक्रेताओं की सुनने के लिए राजी नहीं है। कहा कि वे लोग निश्चित मानदेय देने की मांग कर रहे हैं। कंप्यूटर आदि के लिए नेट चार्ज और अवशेष बिलों का भुगतान करने की मांग कर रहे हैं लेकिन सुनने वाला कोई नहीं है। रानीखेत, सौनी और जालली गोदाम से जुड़े विक्रेताओं ने बैठक कर कहा कि अब सरकार नहीं सुनती है तो वे दो अगस्त को सामूहिक इस्तीफा देंगे। कल 26 अगस्त को इस संबंध में जिला मुख्यालय में बैठक होगी। बालादत्त बुधानी ने अध्यक्षता की। संचालन शेखर चंद्र भट्ट ने किया। बैठक में गंगा सिंह रावत, मोहन चंद्र, किशोर चंद्र पपने, रामदत्त तिवारी, दीप चंद्र पांडेय, शंकर सिंह, कमलेश कुमार, जीवन सिंह, विजय सिंह आदि थे। संवाद