बागेश्वर। जिले में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। बारिश से घरों और सड़कों को काफी नुकसान हो रहा है। दो मकान बारिश में ध्वस्त हो गए जबकि एक मकान क्षतिग्रस्त हुआ है। जिले की छह सड़कों पर यातायात बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं हरसीला के समीप लगातार हो रहे भूस्खलन की रोकथाम के लिए बीआरओ ने सुरक्षा दीवार निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है।
शुक्रवार रात को कपकोट में 12.50 मिमी, गरुड़ में 12 मिमी और बागेश्वर विकासखंड में पांच मिमी बारिश हुई। बारिश से गरुड़ के ग्वाड़ पजेना में किशन राम पुत्र शेर राम का आवासीय मकान क्षतिग्रस्त हो गया। कपकोट के पौसारी गांव निवासी गंगा राम पुत्र दीवान राम का घर भी बारिश की भेंट चढ़ गया। बागेश्वर विकासखंड के चौंरा में मोहन सिंह पुत्र उत्तम सिंह का आवासीय घर भी क्षतिग्रस्त हो गया है। प्रभावितों को हुए नुकसान का राजस्व विभाग की टीम ने मौका मुआयना कर रिपोर्ट तैयार की है।
बारिश से जिले के दो मुख्य जिला मार्ग और चार ग्रामीण मोटर मार्गों पर भी यातायात बाधित है। बागेश्वर-दफौट, सौंग-खलीधार, भानी-हरसिंगियाबगड़, पोथिंग-शोभाकुंड, कपकोट-कर्मी और शामा-नौकोड़ी मोटर मार्ग पर आवाजाही ठप होने से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सैंज और मजियाखेत में पेयजल संकट
बागेश्वर। बारिश से सैंज और मजियाखेत को पानी की आपूर्ति करने वाली पेयजल योजना क्षतिग्रस्त हो गई है। योजना को नुकसान होने से क्षेत्र के लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
भूस्खलन और मलबा गिरने से बंद सड़कों को खोलने का काम चल रहा है। जिन लोगों के घरों को नुकसान हुआ है, उन्हें अहेतुक सहायता दी जा रही है। सैंज और मजियाखेत में टैंकरों की मदद से पानी की आपूर्ति की जा रही है।
शिखा सुयाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी, बागेश्वर