बागेश्वर के खुनौली गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग को लेकर डिप्टी सीएमओ को ज्ञ?
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। खुनौली गांव में वर्ष 2016 में स्वीकृत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराने के लिए ग्रामीण मुखर हो गए हैं। ग्रामीणों ने सीएमओ को ज्ञापन देकर जल्द निर्माण की कार्यवाही शुरू करवाने की मांग की। 15 दिन के भीतर अस्पताल निर्माण का कार्य शुरू नहीं होने पर आंदोलन करने की चेेतावनी दी।
क्षेत्र पंचायत सदस्य चांदनी टम्टा के नेतृत्व में ग्रामीणों का शिष्टमंडल डिप्टी सीएमओ हरीश पोखरिया से मिला। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने खुनौली गांव में पीएचसी के निर्माण की घोषणा की थी। इसके लिए 149.76 लाख रुपये का आगणन बना था। ग्रामीण देवीदत्त ने अस्पताल निर्माण के लिए 10 नाली भूमि पांच फरवरी 2016 को सीएमओ के नाम कर दी थी। जमीन का प्रबंध होने के बावजूद अस्पताल का निर्माण शुरू नहीं किया गया।
ग्रामीणों की इस समस्या को अमर उजाला ने 16 जुलाई के अंक में प्रकाशित किया था। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें नजदीकी पीएचसी तक आने के लिए आठ से 12 किमी की दूरी तय करनी पड़ती है। बीमार पड़ने पर अक्सर जिला अस्पताल की दौड़ लगानी पड़ती है। ग्रामीणों ने जन समस्या को देखते हुए स्वीकृत अस्पताल का निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाने की मांग की। इस मौके पर ग्राम प्रधान नवीन कांडपाल, आनंद पांडेय, अरुण कुमार, गिरीश उपाध्याय, प्रवीण कार्की, ख्याली दत्त आदि मौजूद रहे।