बागेश्वर। शासन-प्रशासन की अनदेखी से कांडा-जेठाई मार्ग बदहाल हो गया है। सड़क कई जगहों से क्षतिग्रस्त है और गड्ढे वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
तहसील सभागार में आयोजित जनता दरबार में एडीएम को ज्ञापन देकर ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण को करीब आठ साल का समय बीत गया है। इस दौरान कई स्थानों पर डामर उखड़ गया है। सड़क पर गड्ढे बने हैं और सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके बावजूद विभाग मरम्मत नहीं करा रहा है। सड़क पर वाहन दुर्घटनाओं के मामले भी बढ़ रहे हैं। पूर्व में कुछ लोगों की जान भी जा चुकी है। ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत, नालियों की सफाई, सड़क किनारे और खेतों में जमा हुए मलबे को जल्द साफ करने की मांग की। इस मौके पर बलवंत सिंह, अर्जुन सिंह, सुनील सिंह, भगवान सिंह, मीना देवी, मेहनी देवी आदि मौजूद रहे। संवाद