बागेश्वर। जिला अस्पताल में एक जून से प्रस्तावित मरम्मत कार्य के चलते ऑपरेशन थियेटर (ओटी) को बंद रखे जाने पर कांग्रेस ने नाराजगी जताई है। कांग्रेसियों ने जिला अस्पताल परिसर में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने सीएमएस को ज्ञापन देकर मरम्मत शुरू करने से पहले ओटी की वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की।
युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष गोकुल परिहार के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने सीएमएस डॉ. वीके टम्टा को ज्ञापन दिया। कांग्रेसियों ने कहा कि जिले के एकमात्र बड़े अस्पताल में सभी तहसील क्षेत्रों से मरीज आते हैं। जिला अस्पताल में मरम्मत के दौरान अगर ओटी बंद रहा तो लोगों को अल्मोड़ा, हल्द्वानी की दौड़ लगानी पड़ेगी। दूरदराज के ग्रामीण इलाकों से आने वाले और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को इससे अधिक परेशानी होगी। अस्पताल प्रशासन को सेवाएं बंद करने की बजाय वैकल्पिक प्रबंध करना चाहिए। कार्यकर्ताओं ने ओटी की बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए मरम्मत कार्य शुरू करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। वहां कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला, पूर्व अध्यक्ष युकां कवि जोशी, रंजीत दास, प्रकाश वाच्छमी, जयदीप कुमार, रविंद्र कोश्यारी, सुनील कुमार, लक्ष्मी धर्मशक्तू आदि मौजूद रहे।