कपकोट (बागेश्वर)। कपकोट के स्कूल मंगलवार को बारिश के चलते बंद करने का आदेश देरी से मिला। इसके चलते अभिभावकों ने पहले भीगते हुए बच्चों को स्कूल पहुंचाया और आदेश की जानकारी होने पर उन्हें फिर विद्यालयों की दौड़ लगानी पड़ी। इसके चलते अभिभावकों ने नाराजगी जताई है। जिले में सोमवार की रात से बारिश हो रही है। मंगलवार सुबह भी जिला मुख्यालय से लेकर सभी तहसील क्षेत्रों में बारिश हो रही थी। बारिश में ही बच्चे स्कूल पहुंचे। इसी दौरान कपकोट विकासखंड के स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी हो गया। आदेश मिलने के बाद फिर स्कूलों में अवकाश होने लगा। स्कूल पहुंचे बच्चों को घर भेजने के लिए बोला गया। छोटे बच्चों को लेने के लिए अभिभावकों को फिर से स्कूल की दौड़ लगानी पड़ी। छुट्टी का आदेश देर से जारी करने पर अभिभावकों ने नाराजगी जताई है। सौंग निवासी राजू टाकुली ने बताया कि दुर्गम रास्तों से होकर बच्चे स्कूल पहुंचते हैं। विद्यालय में आने के बाद पता चलता है कि छुट्टी घोषित हो गई है। अगर पहले की जानकारी दी गई होती तो बच्चे परेशान नहीं होते।शामा के बलवंत कोरंगा, कपकोट के गणेश कपकोटी, तनुज तिरुवा आदि ने बताया कि मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए पहली शाम ही अवकाश घोषित किया जाना चाहिए था। स्कूल खुलने के बाद आदेश जारी होने से काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। सीईओ जीएस सौन ने बताया कि सुबह के समय बारिश को देखते हुए कपकोट विकासखंड के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के लिए अवकाश किया गया।