बागेश्वर। पोथिंग गांव के मां भगवती मंदिर में नंदाष्टमी मेले में श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकार ने अपनी सुंदर प्रस्तुति से लोगों को झूमने के लिए मजबूर कर दिया। शनिवार को पारंपरिक चांचरी गायन और 400 ग्राम की पूड़ी मेले का मुख्य आकर्षक रहीं।
भगवती मंदिर में 16 सितंबर को अनाज भरने की रस्म के साथ मेला शुरू हो गया था। शुक्रवार रात और नंदाष्टमी पर मुख्य मेला लगा। रात को मुख्य मंच से कलाकारों ने सास्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। श्रद्धालुओं ने मां भगवती को पूड़ी का भोग लगाया जिसे श्रद्धालुओं में बांटा गया।
इस मौके पर कमेटी के संरक्षक व पूर्व विधायक शेर सिंह गढि़या, कमेटी अध्यक्ष भूपाल सिंह गढि़या, विधायक सुरेश गढि़या, उपाध्यक्ष खुशाल सिंह गढि़या, दीपक गढि़या, क्षेत्र पंचायत सदस्य भूपेश गढि़या, हिमांशु जोशी, प्रकाश जोशी, मदन सिंह गढि़या, शेर सिंह ऐठानी आदि मौजूद रहे।
नुमाइशखेत में मूर्ति स्थापना के साथ महोत्सव शुरू
बागेश्वर। नगर के नुमाइशखेत मैदान में शनिवार सुबह मां नंदा-सुनंदा महोत्सव शुरू हो गया। विधिविधान के साथ रामलीला मंच में पंडित गोेकुलानंद शास्त्री ने मां नंदा और सुनंदा की मूर्ति स्थापित कराई। प्रतिदिन सुबह और शाम मां नंदा-सुनंदा की आरती और भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। 27 सितंबर को हवन, पूजन, नगर भ्रमण और मूर्ति विसर्जन के साथ महोत्सव संपन्न होगा। इस मौके पर अध्यक्ष कंचन साह, हरीश बिष्ट, अनिल साह, बृज किशोर वर्मा, विजय रावत, भगवती पांडेय, जया भैसोड़ा, चंद्रा उपाध्याय आदि मौजूद रहे।
दोफाड़ में रही रंगारंग कार्यक्रमों की धूम
बागेश्वर। पुंगरघाटी के नंदा देवी मंदिर दोफाड़ में आयोजित मां नंदा महोत्सव में शुक्रवार रात और शनिवार को दिन में कार्यक्रमों की धूम रही। विद्यार्थियों ने कुमाऊंनी, हिंदी, गढ़वाली गीत पर नृत्य और महिलाओं ने झोड़ा-चांचरी प्रस्तुत की। इस दौरान खेल प्रतियोगिताएं भी हुईं। विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। पुरस्कार वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस मौके पर कमेटी के सुरेश सिंह, भूपाल सिंह, महेश सिंह, दीवान सिंह, जगदीश कालाकोटी, उमेद सिंह आदि मौजूद रहे।