बागेश्वर। राज्य में हुए भर्ती घोटालों की सीबीआई जांच कराने की मांग तेज होने लगी है। जिले के युवाओं ने नुमाइशखेत से नगर में युवा आक्रोश रैली निकाली और सरकार से यूकेएसएसएससी सहित उत्तराखंड बनने के बाद से अब तक हुई सभी भर्ती घोटालों की जांच कराने की मांग की।
रैली से पूर्व नुमाइशखेत मैदान में धर्म निरपेक्ष युवा मंच ने सभा का आयोजन किया। मंच के संयोजक विनय किरौला ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में हुए घोटालों के कारण युवाओं का व्यवस्था से विश्वास कम हो गया है। सरकारी नौकरियों की भर्ती में घोटाले जिस प्रकार उजागर हो रहे हैं, उसकी निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष कवि जोशी ने कहा कि युवाओं के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे इस अभियान में व्यापार मंडल युवाओं के साथ खड़ा है। नुमाइशखेत से रवाना होकर रैली नगर के विभिन्न सड़कों से होकर गुजरी।
युवाओं ने सरकार से भर्ती घोटालों की जांच सीबीआई से करवाने, प्रतियोगी परीक्षाओं का वर्षवार कलेंडर जारी करने, परीक्षाओं को घोटालों से बचाने के लिए मजबूत और निष्पक्ष निगरानी तंत्र बनाने, यूकेएसएसएससी परीक्षा में ईमानदारी से चयनित युवाओं को तत्काल प्रभाव से नियुक्ति देने और भविष्य में होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं से पूर्व घोटालों में लिप्त युवाओं का नाम सार्वजनिक करने और उन्हें सरकारी नौकरी की आगामी सभी परीक्षाओं से प्रतिबंधित करने की मांग की है।
रैली को अभिभावकों और व्यापारियों का भी समर्थन मिला। वहां पर सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य ख्याली दत्त पांडेय, सूरज चौबे, हेमलता हेमू, प्रकाश वाच्छमी, उमेश उपाध्याय, कमलेश कुमार, जयदीप कुमार, कुणाल डालाकोटी, कविता, पूजा, नेहा, भागीरथी आदि थे।