शहर के नदीगांव में हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मूल रूप से बागेश्वर के डूंगर गांव निवासी जीवन सिंह परिहार (35) पुत्र राजेंद्र सिंह सिडकुल रुद्रपुर में नौकरी करता था। जीवन सिंह ने हाल ही में शहर के नदी गांव में नया मकान बनाया था। शुक्रवार को जीवन ने पत्नी और दोनों बच्चों को ससुराल पहुंचाया। इसके बाद शाम करीब 7:15 बजे वह छत पर पानी की टंकी फिट करने के लिए लोहे के पाइप छत पर पहुंचा रहा था। इसी दौरान एक पाइप घर के पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली की लाइन से छू गया। जोरदार धमाके के साथ ही जीवन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद लोगों की सूचना पर बिजली विभाग ने बिजली की सप्लाई बंद की। सूचना पर एसओ टीआर वर्मा मौके पर पहुंचे। कोतवाल ने बताया कि घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। समाचार लिखे जाने तक युवक के परिजन गांव से नही पहुंचे थे।