संवाद न्यूज एजेंसी
बागेश्वर। सोशल मीडिया ट्विटर पर धर्म विशेष के खिलाफ टिप्पणी करना कुरसाली गांव के एक व्यक्ति पर भारी पड़ा है। बैजनाथ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर दिया है। पुलिस अधीक्षक रचिता जुयाल के निर्देश पर पुलिस की साइबर सेल सोशल मीडिया मॉनीटरिंग कर रही है। सोशल मीडिया मॉनीटरिंग के दौरान शनिवार को बैजनाथ थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति के द्वारा ट्विटर पर धर्म विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मामला सामने आया। एसपी के निर्देश पर बैजनाथ के थानाध्यक्ष कैलाश सिंह बिष्ट ने शनिवार को ही ट्विटर यूजर नरेंद्र सिंह बोरा पुत्र इंद्र सिंह बोरा निवासी ग्राम कुरसाली (मनाखेत) थाना बैजनाथ के विरूद्ध धारा 153 क/188 आईपीसी और 54 आपदा प्रबंधन अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मीडिया सेल से मिली जानकारी के अनुसार लॉकडाउन के दौरान अब तक पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने/आपत्तिजनक टिप्पणी करने और गलत सूचना पोस्ट करने पर 10 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। बागेश्वर कोतवाली में एक और थाना कपकोट, थाना झिरौली और बैजनाथ थाने में 3-3 मामले दर्ज हुए हैं। पुलिस अधीक्षक रचिता जुयाल ने कहा है कि सोशल मीडिया पर गलत टिप्पणी, अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले लोगों को इसी तरह कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।