गरुड़ (बागेश्वर)। बैजनाथ पुलिस ने एक पशुपालक द्वारा अपने पशु को लावारिस छोड़ने पर पशुपालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। इधर, लावारिश जानवरों को लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंची डंगोली की महिलाओं ने एसडीएम कार्यालय में प्रदर्शन किया। डंगोली ग्राम पंचायत की महिलाएं छह पशुओं को लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंची। उन्होंने एसडीएम को बताया कि लावारिश जानवरों ने डंगोली ग्राम पंचायत में फसल नष्ट कर दी है। एसडीएम जीतेंद्र वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पंचायत के ईओ को अपने कार्यालय में बुलाया। डंगोली से पहुंचे लावारिस जानवरों को गो सदन गढ़सेर में रखने के निर्देश दिए। गोसदन के अध्यक्ष विनोद कांडपाल की तहरीर पर थानाध्यक्ष बैजनाथ ने एक पशु के कान पर लगे टैग से पशुपालक की पहचान कर पशुपालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि पशु स्वामी पर प्राथमिकी दर्ज कर दी है। संवाद