फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bageshwar News: भाजपा-कांग्रेस के लिए नाक का सवाल बना बागेश्वर उपचुनाव

Fri, 01 Sep 2023 12:28 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बागेश्वर
विज्ञापन
गरुड़ के रतमटिया में आयोजित सभा में मौजूद कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा। संवाद 
विज्ञापन
बागेश्वर। मौसम के बदलाव के बीच बागेश्वर उपचुनाव की सियासी गर्मी बढ़ती जा रही है। बयान बहादुरों ने राजनीतिक पारा चढ़ा दिया है। यह चुनाव भाजपा और कांग्रेस के लिए नाक का सवाल बन गया है। ऐसा इसलिए क्योंकि भाजपा जहां लगातार पांचवीं जीत हासिल करना चाहती है, वहीं कांग्रेस 16 साल का सूखा खत्म करने के प्रयास में है। दोनों दलों के दिग्गजों ने यहां डेरा डाल रखा है।
विज्ञापन


सियासी जानकार इस चुनाव निकाय और लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल मानकर चल रहे हैं। क्योंकि इस चुनाव के बाद प्रदेश में एक बड़ा सियासी संदेश जाएगा। इसका असर अगले साल तक देखा जा सकता है। यही कारण है कि सत्तारूढ़ भाजपा और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने यहां पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा ने तो पूरी सरकार ही चुनाव में उतार रखी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद इस चुनाव पर नजर रख रहे हैं। वह नामांकन के दिन बागेश्वर थे। दो और तीन सितंबर को उनका दो दिवसीय दौरा होने वाला है। मंत्री-विधायकों की फौज बागेश्वर के गांव-गांव खाक छान रही है। केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाई जा रही है। कांग्रेस इस सीट पर मजबूती से लड़ने का दावा कर किसी मायने में कम नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत चुनावी समर में प्रचार अभियान की कमान थामे हैं।

बता दें कि राज्य बनने के बाद कांग्रेस सिर्फ एक बार वर्ष 2002 में बागेश्वर सीट जीत पाई है। वर्ष 2007 से 2022 तक लगातार चार बार भाजपा के चंदन राम दास इस सीट से विजयी रहे। इस बार उनकी पत्नी पार्वती दास भाजपा का चेहरा हैं। कांग्रेस ने पहले बसपा और आप से चुनाव लड़ चुके बसंत कुमार पर इस बार दांव खेला है।
विज्ञापन




भाजपा: मुख्यमंत्री धामी की प्रतिष्ठा से जुड़ा है चुनाव

बागेश्वर। राज्य बनने के बाद एक भी उप चुनाव सत्ताधारी दल नहीं हारा है। चाहे वह पिथौरागढ़ का उप चुनाव हो या थराली का या चंपावत का। सभी उप चुनाव सत्ताधारी दल की झोली में गए हैं। यही कारण है कि सीएम पुष्कर सिंह धामी इस चुनाव को भी हर हाल में जीतना चाहते हैं।



कांग्रेस: खोई जमीन तलाश रही है कांग्रेस

बागेश्वर। इस सीट पर वर्ष 2007 से लगातार हार का सामना कर रही कांग्रेस इस बार बाहरी प्रत्याशी लाकर खोई जमीन तलाश कर रही है। कांग्रेस प्रत्याशी बसंत कुमार वर्ष 2017 का चुनाव बसपा से लड़े। वर्ष 2022 के चुनाव में एक बार फिर उन्होंने पाला बदला। आम आदमी पार्टी से चुनाव लड़े। इस बार कांग्रेस का दामन थामकर चुनाव मैदान में हैं।



बगेश्वर में दिग्गजों का लगा जमावड़ा
बागेश्वर। चुनाव की तिथि नजदीक आते ही भाजपा और कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। दोनों दलों के आला नेता गांव-गांव, गली-गली पहुंच रहे हैं। हर तरीके से मतदाताओं को रिझाने की कोशिश की जा रही है।

कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा की पहले से मौजूदगी के बीच कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य अभी बागेश्वर पहुंच गईं हैं। रेखा आर्या दो सितंबर तक बागेश्वर में रहेंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 2 सितंबर को बागेश्वर पहुंचने की संभावना है। सीएम तीन सितंबर तक बागेश्वर में रहेंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व सीएम हरीश रावत और कई कांग्रेसी विधायकों ने बागेश्वर में डेरा डाल रखा है। हरीश रावत एक सितंबर तक तो बाकी आला नेता तीन सितंबर तक बागेश्वर में बने रहेंगे।



अपने-अपने दावे

-हर क्षेत्र में जनता का स्नेह पार्टी को मिल रहा है। स्वर्गीय चंदन राम दास की स्वच्छ छवि आज भी लोगों के जेहन में है। पार्टी बड़े अंतर से चुनाव जीतेगी। - राजेंद्र सिंह बिष्ट प्रदेश महामंत्री भाजपा

-इस बार भाजपा की जीत का सिलसिला थमने जा रहा है। कांग्रेस और कांग्रेस प्रत्याशी बसंत कुमार को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। लोग डबल इंजन की सरकार के कामकाज से नाराज हैं। - मथुरा दत्त जोशी प्रदेश उपाध्यक्ष कांग्रेस




सरकार बनने पर महिलाओं को देंगे तीन हजार रुपये : हरीश
बागेश्वर। पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश में परिवर्तन का दौर चल रहा है। इस परिवर्तन का गवाह बागेश्वर भी बनेगा।

रावत ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने कर्नाटक में नया प्रयोग किया है। वहां की सरकार प्रत्येक महिला के खाते में प्रतिमाह दो हजार रुपये दे रही है। उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनने पर प्रत्येक महिला के खाते में तीन-तीन हजार रुपये डाले जाएंगे।

नगर के बिलौना में आयोजित सभा में उन्होंने कहा कि आज भी आम,गरीब, मजदूर का विकास करने की क्षमता केवल कांग्रेस में है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, अल्मोड़ा के विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि बागेश्वर की जनता का कांग्रेस को व्यापक समर्थन मिल रहा है। पूर्व जिपं अध्यक्ष हरीश ऐठानी, पार्टी प्रत्याशी बसंत कुमार ने कहा कि बागेश्वर के लोग परिवर्तन चाह रहे हैं। सभा को पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिलाध्यक्ष लोकमणि पाठक, कांग्रेस नेता गोपाल दत्त भट्ट आदि ने विचार रखे।



दास के सपनों को साकार करेगी भाजपा : बहुगुणा
गरुड़/बागेश्वर। कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा है कि भाजपा उप चुनाव में जीत दर्ज कर दिवंगत कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास के सपनों को साकार करने के साथ ही हर गांव का विकास करेगी।

बहुगुणा ने रतमटिया, देवनाई में लोगों से संवाद करते हुए कहा कि जिले का प्रभारी मंत्री होने के नाते हर गांव का विकास करने की जिम्मेदारी मेरी भी है। भाजपा के बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र संयोजक शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता गांव के विकास के लिए लगातार काम करता है। पार्टी पार्वती दास ने मंडलसेरा पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्र में भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष शशांक रावत, महेश खेतवाल, मथुरा प्रसाद, मनोज ओली आदि के साथ जनता से संपर्क किया।



सीएम का कल गरुड़ और बागेश्वर में रोड शो

बागेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दो सितंबर को गरुड़ और बागेश्वर में रोड शो करेंगे। मुख्यमंत्री दो सितंबर को दोपहर 12 बजे हेलीकॉप्टर से गरुड़ के मेला डुंगरी हेलीपैड पहुंचेंगे। गरुड़ में रोड शो करने के साथ ही शाम को बागेश्वर में रोड शो करेगे। तीन सितंबर को सीएम काफलीगैर में जनसभा करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें