बागेश्वर कोतवाली क्षेत्र के फल्टनिया में दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने एक सूने घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे 15 हजार रुपये नकद, बैंक पासबुक और अन्य जरूरी सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फल्टनिया निवासी बिमला देवी ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि बीते 17 अक्तूबर को सुबह करीब 11:00 बजे वह अपने घर से पड़ोस में किसी के यहां गई थीं। जब वह दोपहर करीब 12:40 बजे लौटीं तो उनके मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरे की अलमारी खुली हुई थी और उसमें रखे पर्स समेत 15,000 रुपये, बैंक पासबुक और अन्य सामान गायब था। घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने आपातकालीन सेवा पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद औपचारिकताएं पूरी कर थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस निष्पक्षता से गहन विवेचना कर रही है। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा। -अजय साह, सीओ बागेश्वर