बागेश्वर के रक्तकोष में रक्तदान करते खुर्शीद अहमद। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। रेडक्रॉस सोसायटी की पहल पर नगर के व्यापारी खुर्शीद अहमद ने रक्तदान कर एक प्रसूता की जान बचाने में मदद की। ग्राम अयारतोली निवासी ममता रावत ने जिला अस्पताल में मंगलवार को बच्चे को जन्म दिया था। रक्तस्राव के कारण उनकी तबियत बिगड़ने लगी। डॉक्टरों ने तत्काल रक्त की जरूरत बताई। इसके लिए परिजनों ने रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों से संपर्क किया। जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव आलोक पांडेय और वरिष्ठ सदस्य उमेश चंद्र जोशी ने सोशल मीडिया में महिला को एबी निगेटिव रक्त की जरूरत होने की सूचना दी। जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्य मोहिउद्दीन तिवाड़ी की पहल पर खुर्शीद अहमद ने जिला अस्पताल के रक्तकोष पहुंचकर रक्तदान किया। लोगों ने रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों और खुर्शीद अहमद के प्रयासों की सराहना की।