प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को केक खिलाते जिलाध्यक्ष इंद्र सिंह फर्स्वाण। संवाद
बागेश्वर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने विधानसभा उप चुनाव के परिणाम पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने न केवल वर्ष 2022 के मतों को सुरक्षित रखा बल्कि मुख्य चुनाव की तुलवा में पार्टी का वोट प्रतिशत बढ़ा है।
शनिवार को पार्टी जिला कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई। प्रदेश अध्यक्ष ने बैठक के बाद पत्रकारों से कहा कि 2022 का वोट यथावत रहना ही पार्टी की जीत का आधार बना। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बेहतरीन काम किया।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में एक बार फिर पांचों सीटों को जीतेंगे। उन्होंने कांग्रेस समेत विपक्ष की ओर इशारा करते हुए कहा कि सारी पार्टियां भी एक हो जाएं, तो भाजपा के कार्यकर्ता मेरा बूथ सबसे मजबूत के दम पर चुनाव जीत लेंगे। कहा कि उत्तराखंड के साथ ही पूरे देश में नरेंद्र मोदी के नाम का मैजिक चल रहा है। लोगों ने नरेंद्र भाई मोदी के काम देखे हैं। उत्तराखंड में कांग्रेस से सीधा मुकाबला होता है। भाजपा साठ प्रतिशत मत हासिल करेगी।
सीएम का जन्मदिन धूमधाम से मनाया
बागेश्वर। भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने सीएम पुष्कर सिंह धामी का जन्मदिन धूमधाम से मनाया। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधायक पार्वती दास, जिलाध्यक्ष इंद्र सिंह फर्स्वाण, जिला प्रभारी वीरेंद्र वल्दिया, कुंदन लटवाल आदि ने केक काटा। सभी ने एक दूसरे को केक खिलाया।