कपकोट में असों गधेरे के तेज बहाव से सड़क से नीचे बही बाइक को निकालते युवक।
कपकोट (बागेश्वर)। कपकोट-बागेश्वर मोटर मार्ग पर असों गधेरे का जलस्तर बढ़ने से बाइक सड़क से बहकर नीचे गिर गई। हादसे के समय बाइक में दो युवक सवार थे। गनीमत रही कि घटना में किसी को चोट नहीं लगी। आसपास के लोगों ने रस्सी की मदद से बाइक और बाइक सवारों को गधेरे से बाहर निकाला।
रविवार को कपकोट में फेब्रिकेशन का कार्य करने वाले बाजपुर निवासी युवक मुस्तकीम और फरमान बाइक से घर को जा रहे थे। वह बागेश्वर तक बाइक से जाने के बाद बस पकड़ने वाले थे। असों गधेरे को पार करते समय अचानक बाइक तेज बहाव की चपेट में आकर सड़क से नीचे गिर गई। दोनों युवक चिल्लाने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और युवकों का हौसला बढ़ाया। बाद में रस्सी की मदद से बाइक और युवकों को गधेरे से सुरक्षित बाहर निकाला।