बागेश्वर। बैजनाथ सीएचसी में बाहर से दवा खरीदने, ब्लड की जांच समेत अन्य जांच कराने पर डीएम अनुराधा पाल ने सख्त कार्रवाई के निर्देश स्वास्थ्य अधिकारियों को दिए हैं।
बुधवार को डीएम ने सीएचसी का निरीक्षण किया और उन्होंने अस्पताल में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने, मरीजों से सही व्यवहार करने और पानी, बिजली सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं सुचारू रखने के निर्देश दिए। साथ ही सफाई व्यवस्था दुरूस्त रखने को कहा।
इस दौरान डीएम में अस्पताल में दवा की उपलब्धता के बारे में पूछा। उन्होंने चिकित्साधिकारी को सीएसआर के तहत चिकित्सा उपकरण खरीदने, बैठक हॉल के मरम्मत का प्रस्ताव भेजने, फिजियोथेरेपी यूनिट स्थापित करने, ओटी सुचारू करने और शौचालय के पास खाली पड़ी जमीन को उपयोग में लाने का प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
इस मौके पर एसडीएम राजकुमार पांडेय, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश गुंज्याल, तहसीलदार तितिक्षा जोशी मौजूद रहीं।