खेल विभाग की ओर से राज्य स्तरीय बालक-बालिका बॉक्सिंग प्रतियोगिता चार से छह नवंबर तक नगर के नुमाइशखेत मैदान में होगी।
जिला क्रीड़ा अधिकारी संजीव पौरी ने बताया कि प्रतिभागियों का वजन, बाई ड्रॉ तीन नवंबर के शाम तीन बजे तक होगा। खिलाड़ियों के वजन और आयु का निर्धारण भारतीय बॉक्सिंग फेडरेशन, उत्तराखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के मानकों के अनुसार होगा। हर वर्ग में खिलाड़ियों की संख्या अधिकतम 10, टीम मैनेजर समेत कुल 11 होगी। अतिरिक्त खिलाड़ी को किसी भी प्रकार से कोई सुविधा देय नहीं होगा और एक वजन वर्ग में एक ही खिलाड़ी प्रतिभाग करेगा। खिलाड़ियों को पासपोर्ट साइज की एक-एक फोटो लानी होगी। खिलाड़ी की जन्मतिथि 1998, 1999, 2000 होनी चाहिए। प्रतियोगिता में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों और निर्णायकों को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। जिला कीड़ा अधिकारी पौरी ने किसी भी टीम में सेना या अर्द्धसेना में कार्यरत खिलाड़ी नहीं भेजने को कहा है। ऐसा होने पर पूूरी टीम को प्रतियोगिता से बाहर कर दिया जाएगा। प्रतिभागी टीमों से अपने आने की सूचना और टीम में शामिल खिलाड़ियों की संख्या 28 अक्तूबर तक उनके मोबाइल फोन नंबर 9411154021, 9759513277 पर देने को कहा है।