कांडा (बागेश्वर)। राजकीय महाविद्यालय कांडा की एनएसएस इकाई की ओर से सखोला में एक दिवसीय नियमित शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान स्वयंसेवियों ने जहां स्वच्छता रैली निकालकर ग्रामीणों को जागरूक किया, वहीं आपातकालीन स्थिति में जीवन बचाने के महत्वपूर्ण गुर भी सिखाए। सखोला में आयोजित शिविर में स्वयंसेवियों ने ग्रामीणों को अचानक हार्ट अटैक के समय प्राथमिक उपचार और बचाव के तरीके बताए। स्वच्छता रैली के माध्यम से गांव की गलियों में सफाई का संदेश दिया गया। बौद्धिक सत्र के दौरान छात्रा हिमानी ने आपदा प्रबंधन पर अपने विचार साझा किए। असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. शिवानी शाह ने गांव के युवाओं और बच्चों को भविष्य की चुनौतियों और कॅरिअर निर्माण के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आशा आर्या ने कहा कि एनएसएस के माध्यम से छात्र समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सेवा कार्य कर सकते हैं। छात्रसंघ अध्यक्ष सैलानी ने भी ग्रामीणों को स्वच्छता का महत्व समझाया।