सरयू नदी के तट पर सोमवार को राजनीतिक दलों की अलग-अलग सभाओं में खूब सियासी शब्द बाण चले। सत्ताधारी भाजपा ने जहां डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को गिनाया, वहीं कांग्रेस, उक्रांद, बसपा ने सरकार को निशाने पर लिया। उत्तरायणी मेले में 1952 से मकर संक्रांति के दिन सरयू बगड़ (तट) पर राजनीतिक दलों की सभाएं होती हैं। इस बार भी यह आयोजन हुआ।
धामी को सब पता है, कैसा कानून लाना है : कोश्यारी
बागेश्वर में भाजपा की राजनीतिक सभा को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल और पूर्व सीएम भगत सिंह कोश्यारी ने ने भू कानून को लेकर चल रहे आंदोलन पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि सीएम पुष्कर सिंह धामी को सब पता है, कैसा कानून उत्तराखंड में लाना है। उन्होंने कहा कि बागेश्वर की धरती का देश की आजादी में अहम योगदान रहा है।
देश में निष्पक्ष नहीं हो रहे चुनाव : कुंजवाल
बागेश्वर में कांग्रेस की सभा में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि देश में निष्पक्ष चुनाव नहीं हो रहे हैं। लोकसभा चुनाव हो या, विधानसभा चुनाव हर चुनाव में धांधली की जा रही है। कुंजवाल ने कहा कि देश तानाशाही की ओर जा रहा है। पांच राज्यों के चुनाव में 15000 शिकायतें चुनाव प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग के पोर्टल पर दर्ज हुई।
भाजपा, कांग्रेस ने खत्म की राज्य गठन की मूल अवधारणा : ऐरी
बागेश्वर में उत्तराखंड क्रांति दल के शीर्ष नेता काशी सिंह ऐरी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य संघर्ष और बलिदान की देन है। भाजपा और कांग्रेस ने राज्य गठन की मूल अवधारणा को खत्म करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि राज्य बनने के 23 साल बाद भी प्रदेश में युवा नीति नहीं बनी है। पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार नहीं दे पा रही है।
ये पढ़ें- Uttarakhand: सीएम धामी और नैनीताल के पांच विधायक कर चुके पूरी निधि खर्च, जानें कहां कितना हुआ खर्चा
बसपा ही कर सकती है राज्य का विकास : धोनी
बागेश्वर में बहुजन समाज पार्टी की सभा में प्रदेश उपाध्यक्ष बीआर धोनी ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस ने राज्य की जनता को गुमराह करने का काम किया है। उत्तराखंड का विकास बसपा ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा, कांग्रेस राज्य बनने के बाद से उत्तराखंड में राज कर रहे हैं, लेकिन एक भी नया जिला नहीं बना पाए।
एकता मंच ने की सशक्त भू कानून की वकालत
बागेश्वर में उत्तराखंड एकता मंच ने उत्तराखंड में सशक्त भू कानून की पैरवी की। कहा कि उत्तराखंड के जल, जंगल, जमीन को बचाने के लिए उत्तराखंड के लोगों को आगे आना होगा। सभा को मंच के मुख्य संगठन मंत्री अनूप बिष्ट, प्रवक्ता महेंद्र रावत, सुरेश नौटियाल, हरपाल नेगी ने संबोधित किया।