बागेश्वर। पुलिस ने देवघर (झारखंड) और शेखपुरा बिहार सें सक्रिय साइबर अपराधी गैंग का पर्दाफाश कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एक फरार आरोपी के परिजनों और एक विधि विवादित किशोर को नोटिस तामील किया है। आरोपियों ने एनीडेस्क एप्लीकेशन डाउनलोड कराकर जिले के एक व्यक्ति से 3,39,900 की धोखाधड़ी की थी।
बागेश्वर के एसपी के मुताबिक दो सितंबर को चंचल सिंह निवासी ग्राम नौकोडी पोस्ट हरसिग्याबगड, थाना कपकोट ने साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर उसे झांसे में लिया और एनीडेस्क मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड करवाकर उसके बैंक खाते से 3,39,900 रुपये निकाल लिए।
पुलिस ने मामले की जांच की और पाया कि मामले में बसाहा, पालाजोरी जिला देवघर झारखंड और शेखपुरा बिहार में के आरोपी शामिल हैं। कपकोट थाने में आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 में केस दर्ज कर विवेचना एसआई प्रहलाद सिंह को सौंपी गई। पुलिस की टीम ने संलिप्तों के ठिकानों पालाजोरी देवघर, सारज खुखजोरा, अस्थावा नालंदा आदि स्थानों में दबिश दी।
मामले में आरोपी पवन कुमार निवासी ग्राम अंडौली थाना चेवरा जिला शेखपुरा बिहार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके कब्जे से तीन एटीएम कार्ड बरामद किए गए। दूसरा आरोपी जीया राम महतो निवासी बिरूवामरानी थाना खागा जिला देवघर (झारखंड) घर से फरार पाया गया। उसके परिजनों को 41 सीआरपीसी का नोटिस तामील करवाया गया है।
केस से संबंधित विधि विवादित किशोर निवासी बिहार के कब्जे से घटना में प्रयोग किया मोबाइल फोन, दो सिमकार्ड बरामद किए गए। उसे भी 41 सीआरपीसी का नोटिस तामील करवाया गया।