बागेश्वर के जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते आंगनबाड़ी कार्यकर्ता।
बागेश्वर। मानदेय बढ़ाने समेत अन्य मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मुखर हो गए हैं। कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर डीएम के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजकर आठ सूत्रीय समस्याओं का जल्द निदान करवाने की मांग की।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सेविका, मिनी कर्मचारी संगठन की जिलाध्यक्ष भगवती देवी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने रोजाना 600 रुपये या मासिक 18,000 रुपये मानदेय देने, वरिष्ठता के आधार पर मानदेय में बढ़ोतरी करने, सेवानिवृत होने पर दस लाख रुपये प्रदान करने, कार्यकर्ता पद पर पदोन्नति के लिए उसी केंद्र की सहायिका को वरीयता देने व प्रथम वरीयता इंटर पास करने, कार्यकर्ताओं की सेवानिवृति की आयु 60 साल की बजाय 62 साल करने आदि की मांग की है। इस मौके पर लीला देवी, देवकी रावल, राहिला तबस्सुम, मरियम डेविड, पुष्पा आदि मौजूद रहे।