बागेश्वर। उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में जिला स्तर पर गठित निगरानी समिति के पदाधिकारियों ने मंगलवार को डिग्री कॉलेज का जायजा लिया। समिति की सदस्य सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/सिविल जज सीनियर डिवीजन त्रिचा रावत, सदस्य बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गोविंद भंडारी, एडीएम हेमंत कुमार वर्मा ने बागेश्वर डिग्री कॉलेज का निरीक्षण कर परीक्षा के दौरान छात्र-छात्राओं का थर्मल स्क्रीनिंग, सुरक्षित दूरी, मास्क के प्रयोग के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान डॉ. रंजना साह ने समिति के सदस्यों को बताया कि परीक्षा से पूर्व प्रत्येक परीक्षार्थी की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है। किसी विद्यार्थी में कोई लक्षण पाए जाते हैं तो ऐसे परीक्षार्थियों को अन्य परीक्षार्थियों से अलग आइसोलेशन रूम में रखा जा रहा है। तीनों पालियों में परीक्षा केंद्रों को सैनिटाइज किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान प्राचार्या डॉ. अंजू अग्रवाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल आदि थे।