बागेश्वर। दोफाड़-रीमा रोड पर ट्रक पलटने से चालक घायल हो गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। ग्राम किड़ई रीमा निवासी ट्रक चालक संजय चौहान (28) पुत्र धरम सिंह चौहान शुक्रवार को हल्द्वानी से सामान लेकर बागेश्वर होकर भराड़ी पहुंचा। भराड़ी में सामान उतारने के बाद चालक ट्रक लेकर अपने घर किड़ई रीमा की ओर जा रहा था। दोफाड़-रीमा रोड पर ट्रक अनियंत्रित होने से पलट गया। राहगीरों ने चालक को वाहन से बाहर निकाला। घटना में घायल चालक के उपचार के लिए 108 पर सूचित किया। इसके बाद ईएमटी सचिन कुमार चोटिल को बागेश्वर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। रात करीब नौ बजे जिला अस्पताल लाए गए ट्रक चालक संजय का डॉ. एलएस बृजवाल ने उपचार किया। उन्होंने बताया कि संजय के सिर में गंभीर चोट है। इस कारण उसे हायर सेंटर रेफर करना पड़ा।